दक्षिणेश्वर काली मंदिर का स्वरूप, 25 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा होगी आकर्षण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk :समस्तीपुर। दुर्गा पूजा को लेकर शहर और आसपास के इलाकों में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा समितियों की ओर से पंडाल निर्माण और प्रतिमा तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। मथुरापुर घाट पर इस बार दुर्गा पूजा के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। यहां पूजा पंडाल को कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर का स्वरूप देने की तैयारी है। पंडाल निर्माण शुरू हो चुका है और कलाकार मंदिर की भव्य संरचना को पंडाल के रूप में उतारने में जुटे हैं।

पूजा समिति के सचिव महेंद्र प्रधान ने बताया कि पंडाल निर्माण के लिए दरभंगा जिले के बहेड़ी से कलाकार पहुंचे हैं। कलाकार दक्षिणेश्वर काली मंदिर की बनावट और उसके प्रमुख स्वरूप को ध्यान में रखते हुए पंडाल को तैयार कर रहे हैं। समिति का प्रयास है कि पंडाल तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं को दक्षिणेश्वर मंदिर की झलक देखने को मिले। पंडाल की सजावट और बनावट को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि दिन के साथ-साथ रात में भी इसकी भव्यता दिखाई दे।

25 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा पर विशेष फोकस

इस बार पंडाल के साथ मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी। करीब 25 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण शुरू कर दिया गया है। प्रतिमा को समस्तीपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार जितवारपुर निवासी चंदेश्वर पंडित तैयार कर रहे हैं। प्रतिमा निर्माण में बारीक कारीगरी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा समिति के अनुसार प्रतिमा और पंडाल दोनों तैयार होने के बाद मथुरापुर घाट पर पूजा का नजारा काफी आकर्षक होगा।

मथुरापुर घाट का दुर्गा पूजा आयोजन पिछले कई वर्षों से अपनी सजावट और भव्य पंडाल के लिए चर्चित रहा है। यहां तैयार होने वाले पंडाल और मां की प्रतिमा को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार दक्षिणेश्वर काली मंदिर की तर्ज पर पंडाल और 25 फीट की प्रतिमा होने के कारण समिति को और अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

25 लाख खर्च, चारों दिन महाभोग का वितरण

पूजा समिति के अनुसार इस बार दुर्गा पूजा आयोजन में करीब 25 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। पंडाल निर्माण, प्रतिमा, सजावट, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाएगा। सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

पूजा स्थल और आसपास के इलाके को रंग-बिरंगे बल्ब, झालर और आकर्षक रोशनी से सजाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। शाम होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा। पंडाल के आसपास भी सजावट की विशेष व्यवस्था की जाएगी। पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. सीबी सिंह, सचिव महेंद्र प्रधान के अलावा मुन्ना प्रधान, मुकेश प्रधान, सत्यनारायण सिंह सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि इस बार पंडाल, प्रतिमा और सजावट के माध्यम से श्रद्धालुओं को अलग अनुभव देने की तैयारी है।

*सिंघिया में बच्ची को विषैले सांप ने काटाः सिवैया गांव में मिट्टी की दीपली बनाते समय हुई घटना, प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर – Doorbeen News*

सिंघिया में बच्ची को विषैले सांप ने काटाः सिवैया गांव में मिट्टी की दीपली बनाते समय हुई घटना, प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *