Doorbeen News Desk: पटना। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत रबी फसलों के लिए पहली बार राज्य के किसानों से 15 नवंबर से आवेदन लिये जायेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 15 जनवरी 2027 है। इस योजना में शामिल किसानों को फसल कटनी रिपोर्ट के आधार पर फसल क्षति का वास्तविक मुआवजा मिलेगा।
सोमवार को सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने अधिकारियों के साथ पीएमएफबीवाई और वेजफेड योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा की तैयारी पूरी कर लें। अधिकारियों ने बताया कि बीमा कंपनियों के चयन के लिए निविदा प्रस्ताव केंद्र सरकार को सहमति के लिए भेजा जा चुका है।


इस योजना के क्रियानवयन के लिए बीते 31 जुलाई को राज्यस्तरीय फसल बीमा समन्वय समिति का गठन किया जा चुका है। इस योजना में रबी फसल के लिए किसानों को डेढ़ फीसदी प्रीमियम राशि लगेगी। खरीफ फसलों के लिए 2 फीसदी और वाणिज्यिक या बागवानी फसल के लिए बीमित राशि का 5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा।
दोनों सरकारें बराबर राशि देंगी:
किसानों से ली जाने वाली प्रीमियम राशि में शेष बची राशि में केंद्र और राज्य सरकार बराबर राशि देती है। बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह और अपर निबंधक विकास कुमार बरियार, मनोज कुमार सिंह और संयुक्त निबंधक कामेश्वर ठाकुर और समरेश कुमार भी मौजूद थे। (HH)











One Comment