व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 24 सितंबर 2026। गोला रोड बाजार में हल्दी में सीसा (लेड) की मिलावट को लेकर गुरुवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, बिहार के खाद्य संरक्षा प्रकोष्ठ के सहयोग से प्योर अर्थ इंडिया (Pure Earth India) और उद्यम मंत्र भारत लिमिटेड की ओर से आयोजित ‘फूड सेफ्टी हेल्थ चेक’ अभियान के दौरान हल्दी के नमूनों की मौके पर जांच की गई।
अभियान में खाद्य संरक्षा विभाग के अभिहित पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद के निर्देशन में खाद्य संरक्षा पदाधिकारी रामा स्वामी वेंकट रमण शर्मा, प्योर अर्थ इंडिया के प्रोग्राम मैनेजर पोंशियन केरकेट्टा, उद्यम मंत्र भारत लिमिटेड के निदेशक सौरभ समदर्शी समेत टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
28 में 9 नमूनों में मानक से अधिक लेड
अभियान के दौरान पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस (pXRF) मशीन से हल्दी के नमूनों की जांच की गई। कुल 28 नमूनों की जांच में 9 नमूनों में लेड की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई, जबकि 19 नमूने मानक के अनुरूप मिले।
अभियान के दौरान विक्रेताओं को बताया गया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित मानकों के अनुसार हल्दी में लेड की अधिकतम स्वीकार्य मात्रा 10 माइक्रोग्राम प्रति ग्राम (µg/g) है। इससे अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।
संदिग्ध हल्दी की बिक्री नहीं करने की सलाह
अधिकारियों ने व्यापारियों और विक्रेताओं को हल्दी की खरीद केवल विश्वसनीय एवं सुरक्षित स्रोतों से करने की सलाह दी। उन्हें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।
खाद्य संरक्षा पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
अभियान के अंत में विक्रेताओं ने आश्वासन दिया कि वे सीसा युक्त या संदिग्ध गुणवत्ता वाली हल्दी तथा अन्य खाद्य उत्पादों का क्रय-विक्रय नहीं करेंगे और सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे।



*कल्याणपुर में निजी अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो OT सील – Doorbeen News*
कल्याणपुर में निजी अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो OT सील









