सास को सबक सिखाने की साजिश में लूटकांड का आरोप, पुलिस ने महिला समेत दो को दबोचा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अखतवारा गांव में 10 सितंबर की रात एक महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला पीड़िता की बहू बताई जा रही है और पूछताछ में सास को सबक सिखाने की साजिश की बात सामने आई है।

सोमवार को शिवाजीनगर थाना परिसर में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अखतवारा गांव निवासी रामचंद्र मंडल की पत्नी पूनम देवी ने थाने में आवेदन देकर बताया था कि 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

इस संबंध में 11 सितंबर को शिवाजीनगर थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज कर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी की गई थी।

तकनीकी साक्ष्य से आरोपित तक पहुंची पुलिस

एसपी समस्तीपुर के निर्देश पर शिवाजीनगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर सिसई गांव निवासी संदीप मंडल के पुत्र शिवम कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, शिवम से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मामले में अखतवारा गांव निवासी पंकज कुमार की पत्नी मनीषा कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मनीषा पीड़िता की बहू है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी भूमिका की भी जांच की है।

लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने जैसा कान का टॉप्स, चांदी जैसी एक जोड़ी पायल और नोकिया का कीपैड मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल, शिवम द्वारा घटना के समय पहनी गई शर्ट, चेहरे को ढकने के लिए इस्तेमाल किया गया गमछा, मारपीट में प्रयुक्त पीवीसी पाइप का टुकड़ा, धमकी भरे स्लोगन वाली पर्ची और घटना में प्रयुक्त विवो मोबाइल भी बरामद किया गया है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस पूछताछ में शिवम ने बताई घटना की पूरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने बताया कि मनीषा उसकी फुआ लगती है और उसका अपनी सास से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मनीषा ने पहले भी अपनी सास को नुकसान पहुंचाने के लिए शिवम से मदद मांगी थी। फरवरी में मिठाई के जरिए नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी, लेकिन शिवम ने कथित तौर पर इससे इनकार कर दिया।

पुलिस का कहना है कि अगस्त में गुवाहाटी से लौटने के बाद मनीषा ने दोबारा शिवम से संपर्क किया। इसके बाद वह फोन और वाट्सऐप के माध्यम से अपनी सास की गतिविधियों की जानकारी देती रही। 8 सितंबर को मनीषा ने नरसिंहा चौक पर शिवम को कथित रूप से एक हजार रुपये भी दिए थे।

10 सितंबर की रात घर में घुसने का आरोप

पुलिस के अनुसार, शिवम ने पूछताछ में बताया कि 10 सितंबर की रात मनीषा ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी सास घर में अकेली है। इसके बाद शिवम और शिवकुश उर्फ लोहा सिंह सिसई से पैदल अखतवारा पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, करीब 21:45 बजे दोनों गाछी के रास्ते घर के पीछे पहुंचे और छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके पास से मंगलसूत्र, कान का टॉप्स, अंगूठी तथा अलमारी में रखी पायल, नकद रुपये और मोबाइल ले लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शिवम ने कथित तौर पर लूटे गए मोबाइल से मनीषा को फोन कर घटना की जानकारी दी और पीड़िता की तस्वीर भी भेजी। इसके बाद मनीषा ने कॉल हिस्ट्री और फोटो हटाने की बात कही।

पुलिस ने शिवम को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, लूटे गए सामान का बंटवारा दोनों आरोपितों के बीच किया गया था। शिवम के पास कान का टॉप्स, पायल और मोबाइल आने की बात सामने आई, जबकि अन्य सामान शिवकुश के पास होने की जानकारी दी गई।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों आरोपित पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए बाहर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान विशेष टीम ने शिवम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर लूटे गए सामान और घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। शिवकुश उर्फ लोहा सिंह समेत अन्य संभावित संलिप्तता के बिंदुओं पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है।

छापेमारी टीम में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, एसआई मिनू कुमारी, नितीश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

*शिविर में ‘जल-जीवन-हरियाली’, सर्पदंश-प्रबंधन, सुरक्षित नौकायन, जल-स्वच्छता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन – Doorbeen News*

शिविर में ‘जल-जीवन-हरियाली’, सर्पदंश-प्रबंधन, सुरक्षित नौकायन, जल-स्वच्छता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *