गणेश पूजा के सातवें दिन 1500 से 2000 बच्चों को कराया बाल भोज

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर पंचायत के बल्लीपुर गांव के वार्ड पांच में आयोजित 11 दिवसीय गणेश पूजा को लेकर रविवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। पूजा के सातवें दिन भगवान गणेश की विधिवत पूजा अर्चना के बाद बाल भोज का आयोजन किया गया।

इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 से 2000 छात्र छात्राओं को भोजन कराया गया। बच्चों के लिए खीर, पूरी, पनीर और चना की सब्जी की व्यवस्था की गई थी। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भोजन किया। स्वादिष्ट भोजन ग्रहण करने के बाद बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

आयोजन के मुख्य यजमान संतोष कुमार मोद नारायण राय ने बताया कि बल्लीपुर गांव में पिछले 11 वर्षों से लगातार गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूजा के दौरान बाल भोज का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार बाल भोज का दिन क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को समर्पित किया गया था। आसपास के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।

उन्होंने कहा कि बाल भोज के माध्यम से बच्चों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने का प्रयास किया जाता है। रविवार को बड़ी संख्या में बच्चे पूजा स्थल पर पहुंचे। आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बच्चों को व्यवस्थित तरीके से बैठाकर भोजन कराया। करीब 1500 से 2000 बच्चों के शामिल होने से पूजा स्थल पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।

गणेश पूजा के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह और शाम भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। इसके अलावा कीर्तन, भजन, संध्या आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई जाती है। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाता है।

पूजा को लेकर बल्लीपुर सहित आसपास के गांवों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। शाम होते ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। भजन-कीर्तन और आरती से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो रहा है। पूजा समिति की ओर से आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मौके पर केशव झा, सूरज मिश्रा, चंदेश्वर सिंह, मनोज कुमार, सुरेंद्र राय, दिव्यांशु कुमार, माताजी, पल्लवी कुमारी, प्रीति कुमारी और प्रकाश कुमार सहित अन्य श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद थे। लगातार 11 वर्षों से आयोजित हो रही गणेश पूजा अब क्षेत्र में आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रमुख आयोजन बन गई है।

*कार हादसे के बाद कथित गांजा ले जाने के मामले में 25 किलो बरामद, एक गिरफ्तार – Doorbeen News*

कार हादसे के बाद कथित गांजा ले जाने के मामले में 25 किलो बरामद, एक गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *