प्रधानाध्यापिका चंचला कुमारी के निधन से शिक्षा जगत में शोक, लंबे समय से कैंसर से थीं पीड़ित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर पंचायत के वार्ड चार निवासी शैलेंद्र झा की करीब 56 वर्षीय पत्नी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बल्लीपुर कन्या की प्रधानाध्यापिका चंचला कुमारी का रविवार की रात मुंबई के कैंसर संस्थान में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह करीब पांच वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और लंबे समय से मुंबई में इलाज करा रही थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही बल्लीपुर सहित पूरे प्रखंड के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास बल्लीपुर पहुंचा।

शव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए परिजनों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि चंचला कुमारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय बल्लीपुर कन्या में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। बीमारी के कारण वह लंबे समय से अवकाश लेकर मुंबई में इलाज करा रही थीं। इलाज के दौरान रविवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार सुबह पार्थिव शरीर घर पहुंचने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उनके निधन से विद्यालय परिवार के साथ साथ क्षेत्र के लोगों में भी गहरा दुख है।

चंचला कुमारी के परिवार में चार पुत्रियां मातंगी कुमारी, ज्योति कुमारी, सोनम कुमारी एवं प्रियम कुमारी तथा एक पुत्र शुभम झा हैं। इनमें दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। अंतिम संस्कार बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट पर किया गया, जहां उनके पुत्र शुभम झा ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन, शिक्षक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। बीईओ रामजन्म सिंह ने चंचला कुमारी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से शिक्षा जगत को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि चंचला कुमारी काफी समय से बीमार चल रही थीं और अवकाश लेकर मुंबई में अपना इलाज करा रही थीं।

वह एक अच्छी प्रधानाध्यापिका के रूप में विद्यालय में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही थीं। विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके निधन से प्रखंड के शिक्षा जगत ने एक कर्मठ एवं समर्पित शिक्षिका को खो दिया है। चंचला कुमारी के निधन की जानकारी मिलने पर प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, राजकुमार राय, उमेश प्रसाद राय, प्रमोद कुमार सिंह, संतोष कुमार चौधरी, फूल कुमारी, विजय भारती, कमलदेव पासवान सहित अन्य प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों ने उनके पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

शिक्षकों ने कहा कि चंचला कुमारी अपने कार्य के प्रति हमेशा सजग और समर्पित रहती थीं। विद्यालय में उनके व्यवहार एवं कार्यशैली की शिक्षकों तथा अभिभावकों के बीच अच्छी छवि थी। वहीं शोक व्यक्त करने वालों में प्रधानाध्यापक मदन कुमार, मोहम्मद अब्दुल्ला, संतोष कुमार, नीलू कुमारी, संजीत कुमार, सरिता कुमारी, मोहम्मद जैनुद्दीन, शांति भूषण, पारस नाथ महाराज, प्रमोद पासवान, प्रदीप कुमार, सत्यनारायण आर्य, राजकुमार मुखिया, मृत्युंजय कुमार सिंह, अमित मिश्रा, देवानंद कामत, बिहारी दास, दिलीप ठाकुर, सुभाष सिंह, संगीता कुमारी, कंचन कुमारी, नंदन कुमारी, पिंकी कुमारी, रामनाथ पंडित, अरुण पासवान, सुदर्शन प्रसाद सहित अन्य शामिल हैं।

शिक्षकों ने कहा कि चंचला कुमारी के निधन से शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने एक कुशल एवं जिम्मेदार प्रधानाध्यापिका के रूप में विद्यालय में अपनी अलग पहचान बनाई थी। प्रखंड स्तर पर भी उनकी कार्यशैली एवं व्यवहार की सराहना की जाती थी। उनके निधन से विद्यालय परिवार ने एक अनुभवी शिक्षिका और क्षेत्र ने एक समर्पित शिक्षा कर्मी को खो दिया है। शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

*गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा शिवरामा, 51 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ गणेश पूजा का शुभारंभ – Doorbeen News*

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा शिवरामा, 51 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ गणेश पूजा का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *