मुरियारो वार्ड-12 में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, भाकपा माले ने निकाला प्रतिरोध मार्च

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: उजियारपुर, 13 सितंबर 2026। उजियारपुर प्रखंड के मुरियारो पंचायत स्थित वार्ड संख्या-12 और 15 में बिजली एवं पेयजल संकट को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रविवार को प्रतिरोध मार्च निकाला। इस दौरान समस्तीपुर के कार्यपालक अभियंता का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। मार्च के बाद शाखा सचिव अमरजीत पासवान की अध्यक्षता में प्रतिरोध सभा आयोजित की गई।

प्रदर्शनकारियों ने वार्ड संख्या-12 में जले 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को बदलकर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने और जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग की। इसके साथ ही ठप पड़े नल-जल योजना को दुरुस्त कर जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग भी उठाई गई।

करीब एक हजार परिवार पेयजल संकट से परेशान

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि मुरियारो पंचायत के वार्ड संख्या-12 और 15 दलित-महादलित बहुल क्षेत्र हैं और ये वार्ड जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हैं। उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जला हुआ है, जिसके कारण लोग भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने दावा किया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण नल-जल व्यवस्था भी ठप हो गई है, जिससे दोनों वार्डों के करीब एक हजार परिवार पेयजल, नहाने और कपड़े धोने के पानी के लिए परेशान हैं।

महावीर पोद्दार ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के अंदर जले ट्रांसफार्मर को बदलकर 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो भाकपा माले के नेतृत्व में समस्तीपुर-रोसड़ा एसएच-55 को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा।

प्रतिरोध सभा में खेग्रामस प्रखंड सचिव धनंजय प्रकाश, विपिन पासवान, राज कुमार पासवान, सुजीत पंडित, कुंदन कुमार पासवान, खुशबू खातून, गुड़िया खातून, मो. ताजुद्दीन खान, सीता देवी, प्रमिला देवी, अमेरिका देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

*अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर जख्मी, थाने में दिया आवेदन – Doorbeen News*

अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर जख्मी, थाने में दिया आवेदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *