डिजिटल क्रॉप सर्वे करने गए किसान सलाहकार की पिटाई, हमले में घायल 

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: कल्याणपुर थाना क्षेत्र की सिमरिया भिंडी पंचायत में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) का कार्य करने गए किसान सलाहकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ युवकों पर किसान सलाहकार के साथ अचानक हमला कर उसकी पिटाई करने का आरोप है। घटना में किसान सलाहकार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, भट्टी चौक निवासी किसान सलाहकार विनोद गुप्ता इन दिनों पंचायत क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य कर रहे हैं। शनिवार को वह सर्वे के सिलसिले में सिमरिया भिंडी पंचायत के एक गांव में खेत के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से किसान सलाहकार को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), कल्याणपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पहले भी महिला किसान सलाहकार के साथ हुई थी मारपीट

बताया जाता है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान किसान सलाहकारों को कई बार ग्रामीणों के विरोध और गलतफहमी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले भी एक महिला किसान सलाहकार को बच्चा चोर समझकर लोगों ने बुरी तरह पीट दिया था। उस घटना के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई थी।

अब एक बार फिर किसान सलाहकार के साथ मारपीट की घटना सामने आने से विभागीय कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। किसान सलाहकारों का कहना है कि सरकारी कार्य के दौरान यदि इस तरह हमले होते रहे तो डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने में परेशानी होगी।

घटना के बाद किसान सलाहकारों में भी नाराजगी है। मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

*भगवान श्रीकृष्ण-राधा की प्रतिमा को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी विदाई – Doorbeen News*

भगवान श्रीकृष्ण-राधा की प्रतिमा को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी विदाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *