व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर थाना अंतर्गत भटौरा पंचायत के अखतवारा गांव वार्ड 7 में गुरुवार की रात घर में अकेली महिला के साथ मारपीट कर जेवरात, नकदी और मोबाइल लेकर दो अज्ञात युवक फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने शुक्रवार की सुबह शिवाजीनगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव में भी लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।
अखतवारा गांव के वार्ड सात निवासी रामचंद्र मंडल की पत्नी पूनम देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान घर के पश्चिमी गेट की ओर से दो अज्ञात युवक कमरे में घुस आए। दोनों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे, जिसके कारण वह उनकी पहचान नहीं कर सकीं। पीड़िता के अनुसार दोनों में एक युवक लंबे कद का और सांवले रंग का था, जबकि दूसरा युवक कद में छोटा था।


आवेदन के अनुसार घर में घुसते ही दोनों युवकों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि थप्पड़ और रॉड से मारकर उन्हें घायल कर दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने महिला के कानों की टॉप्स, अंगूठी और मंगलसूत्र छीन लिया। महिला का आरोप है कि बदमाशों ने उनसे जबरन अलमारी खुलवाई और उसमें रखे पायल, नकद रुपये तथा मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान आरोपितों ने महिला को धमकाया भी। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद महिला ने सुबह इसकी जानकारी शिवाजीनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की स्थिति की जानकारी ली तथा घटना के संबंध में महिला और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।


महिला ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद उनके पुत्र भी घर पहुंचे और अपनी मां को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर ले गए। वहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
घटना के संबंध में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर रही है तथा आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



*मानवबल विद्युत कर्मियों की एकजुटता का संकल्प, लंबित आदेश निरस्त करने की मांग – Doorbeen News*
मानवबल विद्युत कर्मियों की एकजुटता का संकल्प, लंबित आदेश निरस्त करने की मांग





