व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर, 3 सितंबर। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार को मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की स्थिति और प्रभावित लोगों को मिल रही आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद पटोरी के अनुमंडल पदाधिकारी, मोहिउद्दीननगर एवं मोहनपुर के बीडीओ-सीओ तथा बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई करनी होगी।
स्थानीय समस्याओं का तत्काल हो समाधान
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कैंप मोड में काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी लगातार बनी रहनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके।
डीएम ने तटबंधों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को दिया।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों का लगातार आकलन करने और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। आवागमन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
राहत-बचाव कार्यों की रोजाना होगी समीक्षा
अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश सिंह को बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की लगातार निगरानी करने को कहा गया। साथ ही प्रतिदिन की कार्रवाई और बाढ़ की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क है। प्रशासनिक और तकनीकी टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह, पटोरी एसडीओ विकास पांडेय सहित संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता और अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।



*आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश – Doorbeen News
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश









