आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आईसीडीएस की समीक्षात्मक बैठक हुई। इसमें जिले में समेकित बाल विकास सेवाओं के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सुनीता कुमारी समेत विभाग के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों की उपस्थिति, पूर्व प्राथमिक शिक्षा, पोषण संबंधी गतिविधियों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर पर लाभुकों से संबंधित आंकड़ों की शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। केंद्रों पर भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और बच्चों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की भी जांच करने को कहा।

डीएम ने बच्चों की नियमित उपस्थिति के साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण पोषण और पूर्व प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक वर्षों में उचित पोषण और देखभाल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

*उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव ने किया क्षेत्र भ्रमण,  सुनी लोगों की समस्या – Doorbeen News*

उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव ने किया क्षेत्र भ्रमण,  सुनी लोगों की समस्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *