व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के सरायरंजन ब्लॉक के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा हाट स्थित अमित मेडिकल हॉल में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने ताला काटकर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की दवाएं और गल्ले में रखे 20,500 रुपये नकद चोरी कर लिए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
दुकानदार अरुण कुमार, पिता जगदीश राय, निवासी दबाईपट्टी, थाना सरायरंजन ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे उनके छोटे भाई अर्जुन कुमार राय ने मेडिकल हॉल बंद किया था। इसी दौरान परिवार में बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण वे रात में दुकान पर नहीं लौट सके।


बुधवार सुबह करीब पांच बजे दुकान पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। आसपास के लोगों के साथ दुकान के अंदर जांच करने पर कई जगह दवाएं बिखरी मिलीं और गल्ला खुला हुआ था। जांच में करीब तीन लाख रुपये की कीमती दवाएं और 20,500 रुपये नकद गायब मिले।
सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान का प्रयास कर रही है।


मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चोरी की घटना के बाद बरबट्टा हाट के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। दुकानदारों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

*कांकर-दसौत सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप, विधायक ने काम कराया बंद – Doorbeen News*
कांकर-दसौत सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप, विधायक ने काम कराया बंद







