छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों में उत्साह

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की पहल को लेकर जनसहयोग अभियान तेज कर दिया गया है। प्रतिमा स्थापना को ऐतिहासिक एवं सामाजिक सांस्कृतिक पहल के रूप में देखते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच के पदाधिकारी और सदस्य प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

इस दौरान लोगों को प्रतिमा स्थापना के उद्देश्य, इसके महत्व तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए इसके प्रेरणादायी संदेश के बारे में जानकारी दी जा रही है। अभियान को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग अपनी स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग देकर इस पहल में भागीदारी निभा रहे हैं।

छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह एवं सचिव सह सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में मंच के पदाधिकारी और सदस्य गांव गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। अभियान के दौरान ग्रामीणों से प्रतिमा स्थापना के लिए सहयोग की अपील की जा रही है।

मंच के सदस्य सुशील कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, चंदन कुमार समेत अन्य सदस्य भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सदस्यों का कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा, कुशल नेतृत्व और सामाजिक एकजुटता की प्रेरणा देता है। ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा शिवाजीनगर बाजार में स्थापित होने से क्षेत्र की पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।

मंच के सचिव सह सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिमा स्थापना को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। विभिन्न गांवों से लोग स्वयं आगे आकर सहयोग राशि प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के क्रम में करियन गांव निवासी वीरेंद्र मिश्रा ने 21 हजार रुपये, रजौर गांव निवासी शंकर दयाल सिंह ने 1 लाख 31 हजार रुपये, गंगाराही गांव निवासी रवीन्द्र कुमार ने 51 हजार रुपये तथा शाहपुर गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है।

इसके अलावा प्रखंड के अन्य कई गांवों के लोगों ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग देकर प्रतिमा स्थापना अभियान को मजबूती प्रदान की है।
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि जनसहयोग से प्राप्त राशि का उपयोग छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापना से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिमा स्थापित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं और नई पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, संघर्ष, साहस और नेतृत्व क्षमता से परिचित कराना भी है। ग्रामीणों का कहना है कि शिवाजीनगर बाजार में प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्रवासियों में गौरव की भावना बढ़ेगी और आने वाले समय में यह स्थान लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

जनसहयोग अभियान के दौरान गांवों में लोगों के बीच आपसी एकजुटता और उत्साह भी देखने को मिल रहा है। मंच के सदस्यों ने बताया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और प्रखंड के अधिक से अधिक गांवों तक पहुंचकर लोगों को इस पहल से जोड़ा जाएगा। मंच की ओर से सभी वर्गों के लोगों से स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक भागीदारी से शिवाजीनगर बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापना का सपना साकार किया जा सके।

*मारपीट मामले में चार नामजद आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ के बाद भेजे गए न्यायिक हिरासत में – Doorbeen News*

मारपीट मामले में चार नामजद आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ के बाद भेजे गए न्यायिक हिरासत में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *