व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/मुसरीघरारी। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उच्च विद्यालय रुपौली के समीप बुधवार सुबह एनएच-28 पर एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर सातनपुर की ओर फरार हो गया। चालक के भागने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में बिस्किट के कार्टन लदे मिले। इसके बाद कुछ लोग कार्टन निकालकर ले जाने लगे।
ट्रक में शराब होने का हुआ संदेह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक को ट्रक से उतरकर भागते देख लोगों को वाहन में किसी संदिग्ध सामान के होने का संदेह हुआ। कुछ लोग ट्रक के पास पहुंचे और केबिन सहित पीछे लदे कार्टन की जांच की। कार्टन खोलने पर उसमें ‘धूम’ कंपनी के बिस्किट के पैकेट मिले। बताया गया कि ट्रक पूरी तरह बिस्किट के कार्टन से भरा था।
इसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोग ट्रक से कार्टन निकालकर ले जाने लगे।
पुलिस के पहुंचने के बाद भी जारी रही कार्टन ले जाने की होड़
घटना की सूचना मिलने पर मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई गीता कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ लोग ट्रक से बिस्किट के कार्टन निकालकर ले जाते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों के बीच इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कितनी मात्रा में बिस्किट के कार्टन मौके से ले जाए गए।
चालक फरार, ट्रक कहां से आया इसकी जांच शुरू
चालक के फरार होने के कारण शुरुआती तौर पर यह जानकारी नहीं मिल सकी कि ट्रक बिस्किट लेकर कहां से चला था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस ट्रक के नंबर और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर इसकी जानकारी जुटा रही है। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस ने माना- ट्रक से बिस्किट के कार्टन ले जाए गए
मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ है और उसमें लदे बिस्किट के कार्टन लोगों द्वारा ले जाए जाने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि ट्रक पर कुल कितने कार्टन लदे थे और उनमें से कितने गायब हुए, इसकी फिलहाल गिनती नहीं की गई है। गिनती के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में भी ट्रक से सामान ले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे के बाद कितनी मात्रा में सामान गायब हुआ और चालक आखिर ट्रक छोड़कर क्यों फरार हुआ।


*डॉ. एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती पर केंद्रीय पुस्तकालय में समारोह, योगदान को किया गया याद – Doorbeen News*
डॉ. एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती पर केंद्रीय पुस्तकालय में समारोह, योगदान को किया गया याद










