पंचायत समिति की बैठक में आवास योजना में गड़बड़ी का उठा मामला, नल-जल व पंचायतों में कर्मियों की अनुपस्थिति पर भी सवाल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय के सभागार भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने की, जबकि संचालन बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। बीडीओ के पदभार ग्रहण करने के बाद यह पंचायत समिति की पहली सामान्य बैठक थी।

बैठक की शुरुआत से पहले प्रखंड के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों एवं कोमियो ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय गान किया। इसके बाद हर घर तिरंगा अभियान को लेकर चर्चा की गई और अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार सहित पंचायत समिति सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह का पाग, चादर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, पेयजल, विद्यालय, पंचायत कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति सहित कई जनसमस्याओं पर सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाए।

जाखर धरमपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में आवास सहायक संतोष कुमार करीब वर्ष 2016 से लगातार कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से घर-घर जाकर लाभुकों से राशि की मांग की जाती है। समिति सदस्य ने आरोप लगाया कि आवास का लाभ दिलाने के एवज में लाभुकों से 25 से 30 हजार रुपये तक लिए जाने की शिकायत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के प्रत्येक वार्ड में आवास योजना से जुड़े कथित बिचौलिये सक्रिय हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग सदन में रखी। दसौत पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मोहन झा ने पंचायत में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के करीब चार वर्ष छह माह बीत जाने के बावजूद पंचायत में एक भी योजना संचालित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास के मामले में शून्य पर खड़ी है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने पंचायत के वार्ड 7 की सड़क की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां वर्षभर करीब 365 दिन गली में जलजमाव की स्थिति बनी रहती है।

इससे स्थानीय लोगों के साथ साथ प्रतिदिन विद्यालय आने जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए शीघ्र स्थायी समाधान कराने की मांग की। करियन पंचायत के मुखिया संजीव कुमार पासवान और दसौत पंचायत के मुखिया नटवर राय ने पंचायत भवन एवं पंचायत सरकार भवन में कर्मियों की नियमित उपस्थिति का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव एवं कार्यपालक सहायक के अलावा अन्य कर्मी पंचायत कार्यालयों में नियमित रूप से नहीं बैठते हैं। इससे ग्रामीणों को अपने काम के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है।

मुखिया संजीव कुमार पासवान ने विशेष रूप से राजस्व कर्मियों की अनुपस्थिति का मामला उठाते हुए कहा कि राजस्व कर्मी पंचायत में नहीं आते हैं और कई बार फोन भी रिसीव नहीं करते। इसके कारण जमीन एवं राजस्व से संबंधित कार्यों के लिए ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मुखिया ने करियन पंचायत में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा भी सदन में रखा। उन्होंने बताया कि पंचायत के मध्य विद्यालय में ही वर्तमान में टेन प्लस टू विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। विद्यालय का अपना भवन नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को पर्याप्त शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है।

विद्यालय को दो शिफ्ट में संचालित करने के लिए विभाग को पत्र भेजे जाने की बात कही गई, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। बैठक में पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, मुखिया विभा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हर घर नल-जल योजना की स्थिति पर भी सवाल उठाया। सदस्यों ने कहा कि कई पंचायतों में नल-जल योजना की स्थिति संतोषजनक नहीं है। पीएचईडी विभाग के स्तर से संचालित नल-जल व्यवस्था कई स्थानों पर खराब रहने के कारण ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। सदस्यों ने खराब पड़े नल, जलापूर्ति में बाधा तथा योजना के रखरखाव की व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों में सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुंचना चाहिए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने, पंचायत स्तर पर कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की शिकायतों का समय पर निष्पादन करने की आवश्यकता बताई गई। अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में मनरेगा पीओ बबलू कुमार, बीईओ रामजन्म सिंह, एमओ नूरजहां, बिजली जेई आकाश वर्मा, पीएचसी प्रभारी डॉ. सुमित कुमार, प्रखंड प्रवर्तन पदाधिकारी नीलू कुमारी, तकनीकी सहायक जेई विकास कुमार, दीप सागर, पीएचईडी जेई सुधांशु कुमार, मनरेगा जेई पंकज कुमार सिंह, अकाउंटेंट आशुतोष कुमार , अर्जुन मुखिया, दुखा मुखिया, विभा कुमारी, राज कुमारी देवी, विभा देवी, अशर्फी सहनी, समिति सदस्य वीणा देवी, उषा देवी, पूनम कुमारी, गुंजन सिंह, मोहन झा, सीताराम यादव, मदानेश्वर झा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

*बिना लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापेमारी, 140 प्रकार की दवाएं जब्त – Doorbeen News*

बिना लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापेमारी, 140 प्रकार की दवाएं जब्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *