व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सरायरंजन/मुसरीघरारी। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के NH-28 पर गंगापुर गांव के समीप रविवार शाम एक निजी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे में छह यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में स्कूटी सवार पति-पत्नी भी जख्मी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार पटना से समस्तीपुर आ रही प्रिंस कंपनी की निजी बस गंगापुर के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रही एक स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और करीब 15 यात्री घायल हो गए।
घायलों ने चालक पर लगाया शराब के नशे में बस चलाने का आरोप
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को मुसरीघरारी के निजी क्लीनिक और समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।
घायल यात्रियों ने बस चालक पर शराब के नशे में और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। यात्रियों के मुताबिक, रास्ते में चालक कई बार बस पर नियंत्रण खोता नजर आया था। लोगों द्वारा बस रोकने की बात कहने के बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका।
हादसे के बाद चालक भी हल्का घायल हुआ और इलाज के लिए एक क्लीनिक पहुंचा, लेकिन इलाज कराए बिना वहां से फरार हो गया।
क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन, यातायात हुआ सामान्य
सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस एवं ट्रक को जब्त कर लिया। दुर्घटना के कारण NH-28 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चालक के शराब के नशे में होने का आरोप जांच का विषय है। पुलिस द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

*बल्लीपुर-डुमरा मोहन सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण का शिलान्यास, 8718. 95 करोड़ से संवरेगा 4.607 किमी मार्ग – Doorbeen News*











