जिला स्तरीय कार्यशाला में स्वच्छता, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन और व्यवहार परिवर्तन पर मंथन; 100 अधिकारियों व हितधारकों ने लिया हिस्स
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित होने के बाद सबसे बड़ी चुनौती इस उपलब्धि को स्थायी बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को समस्तीपुर में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, यूनिसेफ और WADS फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण एवं मुख्य हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने, गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण तथा व्यवहार परिवर्तन पर विस्तार से चर्चा हुई।यकार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाह, उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, यूनिसेफ के वॉश विशेषज्ञ डॉ. प्रभाकर सिन्हा तथा WADS फाउंडेशन के निदेशक शशि भूषण पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कियय
कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम), लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के अधिकारी, प्रखंड समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों सहित करीब 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


कार्यशाला में ओडीएफ स्थायित्व, ओडीएफ प्लस, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण, रेट्रोफिटिंग, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम), व्यवहार परिवर्तन संचार (बीसीसी) और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को पावर प्वाइंट प्रस्तुति, वीडियो और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से स्वच्छता अभियान की नई तकनीकों और प्रभावी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रत्येक परिवार तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने और ओडीएफ की उपलब्धियों को स्थायी बनाए रखने का आह्वान किया।


उप विकास आयुक्त ने गुणवत्तापूर्ण कार्य, नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। वहीं यूनिसेफ के वॉश विशेषज्ञ डॉ. प्रभाकर सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता केवल शौचालय निर्माण से नहीं, बल्कि उसके नियमित उपयोग, व्यवहार परिवर्तन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से संभव है।
WADS फाउंडेशन के निदेशक शशि भूषण पांडेय ने बताया कि संस्था यूनिसेफ के सहयोग से बिहार में सुरक्षित शौचालय निर्माण और ओडीएफ स्थायित्व को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यशाला में मिली सीख को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने की अपील की।
कार्यक्रम में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक हसनैन अनवर ने समस्तीपुर जिले में चल रहे स्वच्छता अभियान और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला को स्वच्छता अभियान को नई दिशा देने वाली उपयोगी पहल बताया।


*केन्द्रीय विद्यालय, सहरसा में केवीएस राष्ट्रीय एकता दिवस 2026-27 ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव का शुभारंभ – Doorbeen News*






