गीदड़ के काटने से छह वर्षीय मासूम की 13 दिन बाद मौत, गांव में पसरा मातम

 

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर थाना अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के रन्ना गांव वार्ड 16 में 24 जुलाई को गीदड़ के हमले में घायल हुए छह वर्षीय मासूम की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मां बार बार बेटे का नाम लेकर विलाप कर रही है, जबकि पिता के बाहर रहने के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। शिवाजीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रन्ना गांव वार्ड16 निवासी रंजीत कुमार के छह वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 24 जुलाई की सुबह रौनक अपने छोटे भाई रिषभ कुमार के साथ घर के बाहर खेल रहा था। घर के समीप झाड़ी और जंगलनुमा क्षेत्र होने के कारण वहां पहले से घात लगाए बैठे एक गीदड़ ने अचानक बच्चों पर हमला कर दिया। गीदड़ ने रौनक को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर भाग निकला। बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन में घायल बच्चे को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर ले गए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा लेकर पहुंचे, जहां से उसे सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया। परिजनों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे दरभंगा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहेरी भी ले जाकर आवश्यक एंटी रेबीज वैक्सीन दिलाई। इसके बाद पुनः सदर अस्पताल समस्तीपुर में चिकित्सकीय देखरेख में उसका उपचार कराया गया। इलाज के बाद स्थिति में कुछ सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए, लेकिन बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

रौनक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां रानी कुमारी बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोती रही। वह बार बार बेटे का नाम लेकर विलाप करती और बेहोश हो जाती थी। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई रिषभ कुमार अब भी सदमे में है। पिता रंजीत कुमार रोजी रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहकर ड्राइवरी का कार्य करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि 24 जुलाई को रन्ना गांव में गीदड़ ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया था। इस हमले में रौनक कुमार के अलावा स्व रामनारायण मंडल के पुत्र उदयनाथ कुमार, हरिनारायण सिंह की पत्नी सुनीता देवी, जीवछ मंडल के पांच वर्षीय पुत्र सहित पांच से छह लोग घायल हुए थे। वहीं दहियार गांव में भी एक व्यक्ति गीदड़ के हमले में घायल हुआ था। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी दहशत फैल हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद शिवाजीनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में देर शाम तक लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जुटी रही और सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि रन्ना गांव में गीदड़ के काटने से घायल हुए बालक की मौत की सूचना परिजनों से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *