व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा गुरुवार को महिला कॉलेज, समस्तीपुर में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर (12 बिहार एनसीसी बटालियन) ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अनुशासित और स्वस्थ जीवन अपनाएं, तो विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में सहायक निदेशक-सह-जिला युवा पदाधिकारी विजेता मजूमदार, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, एडीडीई सोनाली, महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी भी मौजूद रहीं। सभी वक्ताओं ने युवाओं से नशा मुक्त समाज बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगीत प्रस्तुति, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।


कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उनसे नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

*श्रावणी मेला के मद्देनजर दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुछ ट्रेनों का ठहराव – Doorbeen News*
श्रावणी मेला के मद्देनजर दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुछ ट्रेनों का ठहराव







