व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
डीएम और एसपी ने तैयारियों की समीक्षा की, कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के दिए निर्देश
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा 29 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली अधिनायक अनुदेशक प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त बैठक की।
बैठक में परीक्षा की प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों एवं कदाचार फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के सुरक्षित एवं सुगम प्रवेश-निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।



जिले में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 6,576 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 3 उड़न दस्ता दल, 8 जोनल दंडाधिकारी और 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उड़न दस्ता दलों में नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी उड़न दस्ता दल परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेंगे।

बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर, सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह कदाचारमुक्त संपन्न कराने का निर्देश दिया।


*संभावित बाढ़ को लेकर सहरसा प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक – Doorbeen News*
संभावित बाढ़ को लेकर सहरसा प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक







