पंचायत विकास दिवस पर गुड गवर्नेंस का संकल्प, हर पंचायत में योजनाओं की समीक्षा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: सरकार के निर्देशानुसार रविवार को समस्तीपुर जिला के सिंघिया प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में इस बार “गुड गवर्नेंस” को मुख्य विषय बनाकर पंचायत स्तर पर सुशासन की अवधारणा, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसेवा की गुणवत्ता तथा पंचायतों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि ग्राम पंचायतें ही सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सुशासन की मजबूत व्यवस्था से ही आम लोगों को सरल, सुलभ एवं सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। बीडीओ विवेक रंजन के नेतृत्व में पूरे प्रखंड की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का सफल आयोजन कराया गया।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। बीडीओ ने पूर्व में ही सभी पंचायत स्तरीय कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किया था, जिसके कारण सभी पंचायतों में योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर प्रशासनिक नैतिकता, जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशील कार्यसंस्कृति विकसित किए बिना सुशासन की स्थापना संभव नहीं है।

सरकारी व्यवस्था में आधुनिक तकनीक, प्रशासनिक नवाचार तथा समयबद्ध सेवा प्रदायगी को बढ़ावा देकर ही ग्रामीण विकास की गति तेज की जा सकती है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना पर भी विशेष चर्चा हुई। पंचायतों में जलापूर्ति व्यवस्था, अनुरक्षकों के भुगतान, पेयजल आपूर्ति में आने वाली समस्याओं तथा उनके त्वरित समाधान के संबंध में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त समस्याओं का नियमानुसार निष्पादन कराया जाएगा ताकि लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही पंचायतों में संचालित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनसहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया।
बीडीओ विवेक रंजन स्वयं ग्राम पंचायत नीरपुर भरड़िया में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया मिंटू देवी ने की। कार्यक्रम का संचालन नामित सचिव सह राजस्व कर्मचारी रंजीत कुमार पासवान ने किया। इस अवसर पर ग्रामीण आवास सहायक राजीव रंजन, ग्राम कचहरी सचिव सुरेंद्र कुमार तथा कार्यपालक सहायक प्रवीण कुमार सहित पंचायत स्तरीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वक्ताओं ने लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना को मजबूत करने, योजना निर्माण में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने तथा “सबका योजना–सबका विकास” की अवधारणा को धरातल पर उतारने का आह्वान किया। सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने पंचायत विकास दिवस जैसी पहल की सराहना करते हुए इसे गांवों में संवाद, सहभागिता और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया।

*पंसस रेखा देवी के निधन से बेला गांव में शोक, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि – Doorbeen News*

पंसस रेखा देवी के निधन से बेला गांव में शोक, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *