व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
विभागीय अधिकारियों पर लूट-खसोट का आरोप, स्थायी समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: राज्य खाद्य निगम (BSFC) से जुड़े ट्रक मालिकों ने विभागीय अधिकारियों पर कथित लूट-खसोट और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए 27 जुलाई से जिले के सभी गोदामों से सरकारी खाद्यान्न उठाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। यह निर्णय शनिवार को जिला मोटर व्यावसायी संघ की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
जितवारपुर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की। बैठक में बीएसएफसी से जुड़े ट्रक मालिकों ने कहा कि लंबे समय से विभागीय स्तर पर हो रही कथित अनियमितताओं के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया गया है।
संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सीडब्ल्यूसी जितवारपुर और एसडब्ल्यूसी बाजार समिति से ट्रकों की लोडिंग के दौरान इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटा में कथित छेड़छाड़ कर प्रति ट्रक एक से डेढ़ क्विंटल तक कम खाद्यान्न दिया जाता है। इसके बाद प्रखंड स्तर के पीडीएस गोदामों में भी, धर्मकांटा उपलब्ध होने के बावजूद हाथ कांटा से वजन कराकर लगभग एक क्विंटल अतिरिक्त शॉर्टेज दिखा दिया जाता है।



उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में प्रति ट्रक कुल दो से ढाई क्विंटल तक कम वजन दर्शाकर चालान रोक लिया जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रक मालिकों और चालकों को या तो अपनी जेब से जुर्माना भरना पड़ता है या फिर संबंधित अधिकारियों के पास माल चालान छोड़ना पड़ता है। इससे ट्रांसपोर्टरों को लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा है और अब ट्रकों के लिए चालक मिलना भी मुश्किल हो गया है।
संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि इस बार ट्रक मालिक तब तक सरकारी खाद्यान्न का उठाव नहीं करेंगे, जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिला प्रबंधक और अनुमंडल पदाधिकारी को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष विशाल गौरव, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, सुनील राय, विपिन राय, चंदन साह, लालू कुमार, राकेश कुमार, अर्जुन पासवान, अरविंद राय, राजेश राय, अजीत राय, गौरी कुमार, बलराम महतो, मंजय राय सहित दर्जनों ट्रक मालिक मौजूद रहे।
हालांकि, विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




*स्कूलों में बच्चों को दी गई वज्रपात से बचाव की जानकारी – Doorbeen News*





