सरकार के 100 दिन पूरे, 25 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होगा कार्यक्रम, जिला से पंचायत स्तर तक होगा सीधा प्रसारण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। नई सरकार के गठन के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा उसके जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का लाइव प्रसारण निर्धारित समय पर बिना किसी व्यवधान के सभी स्थानों पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी अनुमंडलों, प्रखंडों और पंचायतों में आवश्यक तकनीकी संसाधन पहले से उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि कार्यक्रम का प्रसारण सुचारु रूप से हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से इंटरनेट कनेक्टिविटी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ध्वनि विस्तारक प्रणाली, एलईडी स्क्रीन, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।

डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कार्यक्रम का संचालन प्रभावित न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे सरकार की उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें और प्रत्येक स्तर पर तैयारियों की नियमित निगरानी करें।

समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, विशेष कार्य पदाधिकारी अली अकरम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी समाहरणालय सभागार में उपस्थित रहे। वहीं सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े और अपने-अपने क्षेत्र की तैयारियों की जानकारी दी।

*समस्तीपुर: छोटे और मध्यम अस्पतालों के निबंधन को सरल बनाने की मांग, IMA प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात – Doorbeen News*

समस्तीपुर: छोटे और मध्यम अस्पतालों के निबंधन को सरल बनाने की मांग, IMA प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *