बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप: स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दिए कई बड़े निर्देश, लंबित सर्जरी से कैंसर स्क्रीनिंग तक बनी कार्ययोजना

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, प्रभावी और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने राजधानी पटना में PMCH, NMCH, LNJP, IGIMS, IGIC, Medanta समेत प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के प्राचार्यों, अधीक्षकों, निदेशकों और स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

बैठक में सबसे अहम निर्णय जिलों के मेडिकल कॉलेजों में लंबित सर्जरियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर लिया गया। मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी मेडिकल कॉलेज लंबित ऑपरेशन की अद्यतन सूची तैयार करें और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों की सर्जरी IGIMS, AIIMS और Medanta जैसे संस्थानों में भी कराई जाए, ताकि किसी भी मरीज का ऑपरेशन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में सर्वाइकल, ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर की स्क्रीनिंग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। इसके लिए लगभग एक लाख आशा कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य गैर-संचारी रोगों से पीड़ित मरीजों की नियमित कैंसर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में बाहरी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने, अस्पतालों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आधुनिक मशीनों से सुसज्जित करने तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष और आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ पात्र मरीजों तक पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया।

इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्पतालों में बेड क्षमता बढ़ाने और राज्यभर में उपलब्ध इमरजेंसी बेड की रियल-टाइम जानकारी देने वाला केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अस्पताल परिसरों में विभागों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी वाले बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में ओटी असिस्टेंट, ओटी तकनीशियन, डाटा ऑपरेटर, सहायक प्राध्यापक और एसोसिएट प्रोफेसर के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों को शुक्रवार तक लंबित सर्जरियों की अद्यतन प्रतीक्षा सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

*कर्पूरीग्राम स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का होगा ठहराव, केंद्रीय मंत्री के आग्रह पर रेलवे ने दी मंजूरी – Doorbeen News*

कर्पूरीग्राम स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का होगा ठहराव, केंद्रीय मंत्री  के आग्रह पर रेलवे ने दी मंजूरी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *