बालिका अंडर-17 प्रतियोगिता में बिहार के कई जिलों की टीमें मैदान में, पहले दिन मुंगेर, खगड़िया और सारण की शानदार जीत

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे खेल मैदान में शुक्रवार से 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश कुमार सिंह, एडीओ दिलीप कुमार, एनडीसी रजनीश कुमार राय तथा जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल पर किक लगाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और खेल की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित होते हैं।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन और खेल मैदान की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतियोगिता का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके।

पहले दिन के मुकाबलों का रोमांच

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में मुंगेर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर को 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में कटिहार की टीम निर्धारित समय तक मैदान पर नहीं पहुंची, जिसके कारण खगड़िया को वॉकओवर देकर अगले चरण में भेज दिया गया। वहीं तीसरे मुकाबले में सारण ने एकतरफा खेल दिखाते हुए वैशाली को 9-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।

प्रतियोगिता में सीतामढ़ी के रोहित कुमार, पश्चिम चंपारण के राहुल प्रियांशी और समीर संजय, तथा मुंगेर की मोना वर्मा निर्णायक की भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्य बातें

  • समस्तीपुर में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल (बालिका अंडर-17) प्रतियोगिता शुरू।
  • डीएम रोशन कुशवाहा ने किया उद्घाटन, खेल को व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
  • पहले दिन मुंगेर, खगड़िया और सारण ने अगले दौर में बनाई जगह।
  • सारण ने वैशाली को 9-0 से हराकर दर्ज की सबसे बड़ी जीत।
  • प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई।

*मामूली विवाद को लेकर किशोर की हत्या के प्रयास का एफआईआर दर्ज – Doorbeen News*

मामूली विवाद को लेकर किशोर की हत्या के प्रयास का एफआईआर दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *