पत्रकार को अपमानित करने एवं ड्यूटी से गायब रहने वाले चिकित्सक की बर्खास्तगी की मांग

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार करने एवं ड्यूटी से गायब रहने वाले सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पी.डी. शर्मा की बर्खास्तगी की मांग को लेकर मंगलवार को भाकपा माले एवं नागरिक मंच के बैनर तले चेतावनी मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।

मोहनपुर रोड स्थित तनिष्क शोरूम से निकला मार्च विभिन्न मांगों से संबंधित नारे लगाते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रदर्शन के बाद सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में तैनात चिकित्सक डॉ. पी.डी. शर्मा ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित थे।

इसी संबंध में सवाल पूछने पर पत्रकार श्रवण कुमार के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें कार्यालय से गर्दन पकड़कर धक्का-मुक्की करते हुए बाहर निकाल दिया गया। यह कारवाई निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ-साथ पत्रकार एवं लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला है और ऐसे हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए माले नेता उपेंद्र राय, महेश कुमार, जयंत कुमार, अनील चौधरी, दीनबंधु प्रसाद, मो. सगीर, मनोज कुमार सिंह, मनोज शर्मा, मो० अकबर, अनील राम, कुंदन राय, नागरिक मंच के संयोजक सेवानिवृत्त सैनिक रामबली सिंह, राजद नेता राम विनोद पासवान, पूर्व वार्ड पार्षद अर्जुन कुमार, आदि ने कहा कि सदर अस्पताल में 60 से अधिक चिकित्सक पदस्थापित हैं, लेकिन इसके बावजूद ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं में अक्सर चिकित्सकों की अनुपस्थिति की शिकायतें मिलती रहती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई चिकित्सक वर्षों से प्रभाव और पैरवी के बल पर एक ही अस्पताल में जमे हुए हैं तथा कुछ चिकित्सक प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।
वक्ताओं ने सदर अस्पताल में तैनात सभी चिकित्सकों की सूची सार्वजनिक करने, इमरजेंसी सेवा में तैनात चिकित्सकों का रोस्टर इमरजेंसी कक्ष के बाहर प्रदर्शित करने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करने में होने वाली कथित घूसखोरी एवं विलंब पर रोक लगाने तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की।

सभा के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पत्रकार श्रवण कुमार को अपमानित करने और ड्यूटी से गायब रहने के आरोपित चिकित्सक डॉ. पी.डी. शर्मा पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी 14 जुलाई में सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।

*पोस्को एक्ट के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल – Doorbeen News*

पोस्को एक्ट के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *