व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवारा में मंगलवार को सेवानिवृत्त शिक्षक उदय कुमार सिंह के सम्मान में भावभीनी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक होने के साथ-साथ सम्मान और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह पूर्व बीआरपी बालमुकुंद सिंह ने की। विद्यालय परिवार की ओर से उदय कुमार सिंह को मिथिला की पारंपरिक पाग, पुष्पमाला, अंगवस्त्र, श्रीमद्भगवद्गीता तथा स्मृति-चिह्न स्वरूप साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।
उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने उनके लंबे शैक्षणिक जीवन, अनुशासित कार्यशैली, सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की। अपने संबोधन में उदय कुमार सिंह ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान उसके विद्यार्थियों की सफलता में निहित होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर एवं भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राएं अपने प्रिय शिक्षक से बिछड़ने के क्षणों में भावुक हो उठे। कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। शिक्षकों ने कहा कि उदय कुमार सिंह का स्नेह, अनुशासन और शिक्षण शैली सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण मृत्युंजय राय, पारस नाथ महराज, विकेश कुमार, रामनाथ पंडित, नीलू कुमारी, अरुण पासवान, सुदर्शन सिंह, रहमानी जी, रमन कुमार, शांति भूषण, देवानन्द कामत, दिलीप ठाकुर, रामनाथ राय, रामबालक सिंह, बिन्देश्वर सिंह, अजय कुमार, विजय कुमार, झा, सुरेन्द्र माँझी, पंकज कुमार, रौशन कुमार, रितेश कुमार, संजीव कुमार, कुमारी अनिला, मंजू कुमारी, नवजोत कौर, कामिनी कुमारी, संगीता कुमारी, प्रेम कुमार, प्रदीप कुमार, राजन कुमार तथा बिहारी दास सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने उदय कुमार सिंह के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा जगत में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी के शिक्षक भी प्रेरणा लेते रहेंगे। भावपूर्ण माहौल में सभी ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी।


*वारिसनगर के पूर्व विधायक के भाई की मौत: 104 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, शिवाजीनगर में हुआ अंतिम संस्कार – Doorbeen News*





