व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत समस्तीपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक संदिग्ध युवक को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी समस्तीपुर के हवाले कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमांडेंट आशीष कुमार के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर के निरीक्षक अविनाश कोरशिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पी.के. चौधरी तथा अन्य बलकर्मियों की टीम स्टेशन परिसर में औचक मार्ग रक्षण एवं निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।


आरपीएफ टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान राम कैलाश सदा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह रेलवे यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। आरपीएफ ने बरामद मोबाइल और अन्य संबंधित दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी समस्तीपुर को सौंप दिया।


रेलवे यात्रियों को बनाया जाता था निशाना
आरपीएफ के अनुसार आरोपी का अपराध करने का तरीका रेलवे में यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामानों की चोरी करना था। मामले की विस्तृत जांच जीआरपी द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर के निरीक्षक अविनाश कोरशिया, उपनिरीक्षक पी.के. चौधरी, प्रधान आरक्षी राधेश्याम कुमार, अश्विनी कुमार, आरक्षी अवधेश झा तथा अजीत कुमार राय शामिल थे।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान एवं मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस या आरपीएफ को दें।


*मोहर्रम एवं विधि व्यवस्था को लेकर हुई बैठक, दिया निर्देश – Doorbeen News*






