गणेश सहनी हत्याकांड में बड़ा खुलासा! लाइनर राजीव सहनी हथियार समेत गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुडने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र में चर्चित गणेश सहनी हत्याकांड में समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के वांछित अभियुक्त राजीव सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

ASP संजय कुमार पांडेय के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी स्थित दर्जनिया पुल के पास आदर्श कुमार उर्फ गणेश सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई रामदिनेश सहनी के आवेदन पर ताजपुर थाना कांड संख्या-29/2026 दर्ज किया गया था।

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को कांड के उद्भेदन, साक्ष्य संकलन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले अंकित कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अंकित ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया था कि घटना में प्रयुक्त हथियार उसने राजीव सहनी को सौंप दिया था। साथ ही राजीव सहनी द्वारा घटना में लाइनर की भूमिका निभाने की बात भी सामने आई थी।

तकनीकी साक्ष्य से हुई पुष्टि

पुलिस ने बताया कि राजीव सहनी की भूमिका की पुष्टि तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर भी हुई थी। अंकित कुमार की गिरफ्तारी के बाद से वह फरार चल रहा था।

लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने दादनपुर निवासी राजीव सहनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने राजीव सहनी के पास से:

  • हत्या में प्रयुक्त एक पिस्तौल
  • एक मैगजीन
  • दो जिंदा कारतूस
  • एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में ताजपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार प्रसाद, बिहार एसटीएफ एवं ताजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

गणेश सहनी हत्याकांड में हथियार की बरामदगी और वांछित आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है। इससे मामले की जांच को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

*दरभंगा और जयपुर के मध्य एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन – Doorbeen News*

दरभंगा और जयपुर के मध्य एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *