व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen news Desk: समस्तीपुर। नगर निगम क्षेत्र के काशीपुर में करीब डेढ़ माह पहले बनी पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क निर्माण के कुछ ही सप्ताह बाद जगह-जगह दरारें पड़ने लगीं, गिट्टियां बाहर निकलने लगीं और सड़क टूटने लगी। अब सड़क की खराब गुणवत्ता को छिपाने के लिए उस पर अलकतरा (तारकोल) का घोल चढ़ाए जाने का आरोप लग रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार शहर के काशीपुर भोला साह चौक से एमएसकेजी कॉलेज होते हुए लखना चौक तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के महज डेढ़ महीने के भीतर ही सड़क की परत उखड़ने लगी और कई स्थानों पर गिट्टियां बाहर आने लगीं।


सड़क की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद संवेदक द्वारा सड़क पर अलकतरा का घोल डालकर मरम्मत करने की कोशिश की गई, जिसे लेकर लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीसीसी सड़क पर अलकतरा का घोल डालना तकनीकी रूप से भी सवालों के घेरे में है। लोगों का आरोप है कि यह सड़क की वास्तविक खामियों को छिपाने का प्रयास है। नागरिकों का कहना है कि जब नई सड़क इतनी जल्दी टूटने लगे तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।


क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में पहले भी नाला-सह-सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। लोगों का कहना है कि यदि महापौर के क्षेत्र में बनी सड़क का यह हाल है, तो अन्य क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है। अब देखना यह है कि नगर निगम इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या जनता के सवालों का जवाब मिलता है या नहीं।


*विधायक कल्याणपुर ने प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का किया निरीक्षण, लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र एवं जॉब कार्ड का वितरण – Doorbeen News*





