शिवाजीनगर में बिहार पुलिस में चयनित छात्रों का सम्मान, मुसहर टोली में शिक्षा जागरूकता अभियान चलाकर 45 परिवारों का किया सर्वेक्षण

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Doorbeen News  Desk: शिवाजीनगर ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने और समाज के वंचित वर्गों तक शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट संस्था सह पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के नियमित छात्र शिवराम गांव निवासी प्रिंस कुमार एवं गनौली गांव निवासी नेहा कुमारी के बिहार पुलिस में चयनित होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों सफल विद्यार्थियों की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी संतोष कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने किया। संस्था के पदाधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने चयनित अभ्यर्थियों को पुष्पगुच्छ, डायरी, कलाम, पाग एवं चादर देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राएं मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़ी सफलताएं हासिल कर रहे हैं। ऐसे विद्यार्थियों का सम्मान अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगा।
इस दौरान वर्ष 2027 के लिए संचालित होने वाली टॉप-10 क्लास के सफल संचालन को लेकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं संस्था के सदस्यों के साथ एक विस्तृत बैठक भी आयोजित की गई।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें उचित कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही दिशा और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

इसी क्रम में संस्था द्वारा शिवरामा गांव के मुसहर टोली में दलित एवं वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने 45 परिवारों का घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया। इस दौरान बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, विद्यालयों में नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा पढ़ाई से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की गईं।

सर्वेक्षण के बाद अभिभावकों एवं बच्चों के साथ बैठक आयोजित कर शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के सदस्यों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की अपील की। बच्चों को शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य निर्माण एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़कर ही एक सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। संस्था भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखेगी।

वहीं संस्था के संस्थापक ललित कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से युवाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहार पुलिस में चयनित छात्रों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मौके पर संस्था के सचिव राज नारायण, अरविंद सिन्हा, कुंडेश्वर प्रसाद सिंह, विवेकानंद झा, शशिकांत कुमार, विजय कुमार, रामकुमार सिंह, राजन कुमार, चंचल कुमार, ललित सर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षा के प्रसार और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

*किसान महासभा एवं खेग्रामस संगठन का विस्तार करने की बनी कार्ययोजना – महावीर पोद्दार – Doorbeen News*

किसान महासभा एवं खेग्रामस संगठन का विस्तार करने की बनी कार्ययोजना – महावीर पोद्दार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *