व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने समस्तीपुर जंक्शन पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक नाबालिग लड़की और दो नाबालिग लड़कों को बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया। बाद में तीनों बच्चों को आवश्यक कार्रवाई एवं काउंसिलिंग के लिए जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार निरीक्षक प्रभारी अविनाश करोसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पी.के. चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी तथा अन्य आरपीएफ कर्मी बाल श्रम एवं बाल तस्करी निरोधक अभियान के तहत स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान एवीए के शिव पूजन कुमार तथा जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र की जिला कार्यक्रम समन्वयक दीप्ति कुमारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मयंक कुमार सिन्हा भी मौजूद थे।


संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर बरौनी छोर स्थित फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के नीचे एक नाबालिग लड़की को डरी-सहमी अवस्था में पाया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने माता-पिता को बिना बताए मुंबई जा रही थी।
इसी दौरान टीम की नजर दो अन्य नाबालिग लड़कों पर पड़ी, जो प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर से आते दिखाई दिए। दोनों बच्चों के चेहरे पर घबराहट साफ झलक रही थी। पूछताछ में उन्होंने भी बताया कि वे अपने पिता को बिना बताए मुंबई घूमने जाने के लिए घर से निकल पड़े थे।


इसके बाद तीनों बच्चों को आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर लाया गया, जहां महिला आरक्षी सुमन मीणा की निगरानी में रखा गया। बच्चों से काउंसिलिंग एवं पूछताछ के बाद उन्हें स्टेशन अधीक्षक की उपस्थिति में जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर की जिला कार्यक्रम समन्वयक दीप्ति कुमारी को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं परिजनों से संपर्क स्थापित करने के लिए सौंप दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी नाबालिग को भटकने, बाल श्रम या मानव तस्करी का शिकार होने से बचाया जा सके।


*अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम दिवस पर बड़ी कार्रवाई, समस्तीपुर जंक्शन से 7 बच्चों के साथ 3 मानव तस्कर गिरफ्तार – Doorbeen News*





