आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व सब रजिस्ट्रार मणिरंजन सेवा से बर्खास्त

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/पटना: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के तत्कालीन सब रजिस्ट्रार रहे मणिरंजन को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई विशेष निगरानी इकाई (SVU) थाना कांड संख्या 06/2021 के आधार पर विभागीय जांच पूरी होने के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, मणिरंजन के विरुद्ध 16 दिसंबर 2021 को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में उन पर अपनी वैध आय से अधिक करीब 1.62 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप प्रमाणित पाया गया।

जांच के दौरान मणिरंजन के नाम पर कई अचल संपत्तियों का पता चला, जिनमें मुजफ्फरपुर के एक मॉल में दुकान, पटना के ज्योतिपुरम कॉलोनी में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन, पाटलीग्राम अपार्टमेंट में फ्लैट तथा कटिहार में भूमि शामिल है। इसके अलावा छापेमारी के दौरान उनके आवास से 38.93 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने 2 जून 2022 को उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की थी। जांच आयुक्त की रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह पाया गया कि उनका आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के प्रावधानों के विपरीत था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार ने 8 जून 2026 को मणिरंजन पर सेवा से बर्खास्तगी की कठोर कार्रवाई लागू कर दी। सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

*ईसीआरकेयू ने आयोजित किया ट्रेड यूनियन एजुकेशनल प्रोग्राम, 25 रेलकर्मियों को मिला प्रशिक्षण – Doorbeen News*

ईसीआरकेयू ने आयोजित किया ट्रेड यूनियन एजुकेशनल प्रोग्राम, 25 रेलकर्मियों को मिला प्रशिक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *