समस्तीपुर में 1 जुलाई से शुरू होंगे पांच नए राजकीय डिग्री कॉलेज, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे

Samastipur News: समस्तीपुर। जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवस्वीकृत राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसको लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों एवं महाविद्यालय प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) तथा सभी नवस्वीकृत महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि महाविद्यालयों का संचालन शुरू होने से पहले सभी बुनियादी सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध करा ली जाएं, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समीक्षा के दौरान भवन की उपलब्धता, फर्नीचर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में शिक्षा विभाग से प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के पांच नवस्वीकृत राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ किया जाना है। इनमें—

  • राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बिथान
  • राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कल्याणपुर
  • राजकीय डिग्री महाविद्यालय, खानपुर
  • राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिंघिया
  • राजकीय डिग्री महाविद्यालय, विद्यापतिनगर शामिल हैं।

जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी प्राचार्यों एवं विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि महाविद्यालयों का संचालन बिना किसी बाधा के शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा समयबद्ध तरीके से लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *