व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Samastipur News: शिवाजीनगर बढ़ती गर्मी और आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए शिवाजीनगर थाना में एमडी वाहन पर प्रतिनियुक्त अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा बुधवार को करियन पंचायत एवं करियन गांव में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारी संजीत कुमार, ओम जी एवं खुशबू कुमारी ने ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को आग से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। साथ ही पेट्रोल पंप परिसर में भी लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए पंपलेट का वितरण किया गया।
अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने घर घर जाकर लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। टीम के सदस्यों ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को खाना बनाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खाना बनाते समय पास में पानी अवश्य रखें ताकि किसी भी प्रकार की आग लगने की स्थिति में तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।


साथ ही सिंथेटिक कपड़ों के बजाय सूती कपड़े पहनकर ही भोजन बनाने की सलाह दी गई, क्योंकि सूती कपड़े आग पकड़ने की संभावना को कम करते हैं। अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि अक्सर गर्मी के दिनों में रसोई घर, बिजली शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव एवं खुले में जलती आग के कारण हादसे हो जाते हैं। ऐसे में सभी लोगों को सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है। टीम ने कहा कि खाना बनाने के बाद गैस चूल्हा सही तरीके से बंद करें तथा बिजली के खराब तारों को तत्काल ठीक करवाएं।
इसके अलावा खेतों एवं घरों के आसपास सूखी घास-फूस या ज्वलनशील पदार्थ जमा नहीं रखने की भी सलाह दी गई।
पेट्रोल पंप परिसर में अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं कर्मियों को विशेष रूप से आग से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को समझाया गया कि पेट्रोल पंप पर मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करें तथा धूम्रपान से पूरी तरह परहेज करें। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने बताया कि जरा सी असावधानी बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।


अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। लोगों ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर होने चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी आग से बचाव के प्रति सजग रह सकें। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग द्वारा दी गई जानकारी से उन्हें काफी लाभ मिला है तथा अब वे दैनिक कार्यों में अधिक सावधानी बरतेंगे।
अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने अंत में लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आग लगने की घटना होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत अग्निशमन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को सूचना दें ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और जान-माल की क्षति को रोका जा सके।


*सीढ़ी घर की ढलाई के दौरान सीमेंट-बालू गिरने के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला समेत एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल – Doorbeen News*





