व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samaatipur News: समस्तीपुर जिला के प्रभारी सचिव प्रणव कुमार द्वारा आज जिले में आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में उन्होंने दलसिंहसराय प्रखंड की पांड पंचायत, उजियारपुर प्रखंड की नाजिरपुर पंचायत तथा सरायरंजन प्रखंड की गंगापुर पंचायत में संचालित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिविरों में उपस्थित आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, आवेदन निष्पादन की स्थिति तथा सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जा रहा है।


शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा चुका था। इस पर प्रभारी सचिव ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सहयोग शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
प्रभारी सचिव ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप सभी प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरतापूर्वक समीक्षा कर पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाए।


उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, लोक स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, विद्युत, पेयजल, आवास एवं अन्य जनसेवा से जुड़े विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय किशन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, लाभार्थी एवं आम नागरिक भी सहयोग शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि सहयोग शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाना है। जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को काफी सुविधा मिल रही है।


*मोहनपुर में बस स्टैंड निर्माण की राह हो सकती है आसान, मठ की जमीन उपलब्ध कराने की पहल – Doorbeen News*
मोहनपुर में बस स्टैंड निर्माण की राह हो सकती है आसान, मठ की जमीन उपलब्ध कराने की पहल





