व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur Crime News: समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची का शव प्लास्टिक की बोरी में बंद मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृत बच्ची की पहचान भागीरथ गांव निवासी कैलाश सनी की 10 वर्षीय पुत्री मानसी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मानसी सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति के घर की खिड़की के समीप प्लास्टिक की बोरी में बंद बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।



स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस घर के पास शव मिला, उस घर के सभी सदस्य घटना के बाद से फरार हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि बच्ची की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी। घटना से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी के घर पर तोड़फोड़ का भी प्रयास किया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ते देख सदर अनुमंडल-2 की डीएसपी समेत अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया, जिसके बाद लोगों को समझाकर शांत कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।



*वैशाली में समस्तीपुर की महिला को मारी गोली, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती; अस्पताल पहुंचाने वाला युवक फरार – Doorbeen News*





