दलसिंहसराय में तेल टैंकर की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर बल्लौचक चौक के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक का शव टैंकर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटता रहा।

घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया।

मृतकों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर मथुरापुर वार्ड-13 निवासी लालो दास के पुत्र सोनू कुमार (24) तथा रामप्रीत राम के पुत्र रितेश कुमार राम (23) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि सोनू कुमार जालंधर में रहकर काम करता था। वह अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 2 मई को घर आया था। शादी समारोह के बाद वह वापस जालंधर लौटने की तैयारी में था। इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त रितेश के साथ दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन टिकट बुक कराने गया था।

टिकट बनवाने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी बल्लौचक चौक के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को रौंदते हुए मुसरीघरारी की ओर भागने लगा। इस दौरान सोनू का शव करीब 100 मीटर तक टैंकर के साथ घिसटता रहा।

बताया गया है कि सोनू चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जबकि रितेश पांच भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। घटना के बाद अनुमंडलीय अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

*पूसा प्रखंड के दो पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर में 560 आवेदन प्राप्त, 446 का हुआ त्वरित निष्पादन – Doorbeen News*

पूसा प्रखंड के दो पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर में 560 आवेदन प्राप्त, 446 का हुआ त्वरित निष्पादन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *