व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Samastipur News : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक शनिवार को समस्तीपुर स्थित टैगोर सेंट्रल स्कूल के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार “सुमन” ने की। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों की सक्रिय, उत्साही एवं सार्थक सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।
बैठक में शिक्षकों के अधिकारों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार तथा संगठन की सुदृढ़ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार एवं शिक्षकों की गरिमा की रक्षा हेतु सामूहिक प्रयासों को समय की आवश्यकता बताया।


इस अवसर पर सर्वसम्मति से नए सत्र हेतु जिलाध्यक्ष पद पर संतोष कुमार “सुमन” का चयन किया गया। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर सतानंद चौधरी, चन्द्रमणि कुमार एवं पूनम कुमारी, महामंत्री पद पर प्रशांत कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर नवो कुमार चौधरी तथा शैक्षिक प्रकोष्ठ संयोजक के रूप में जगनमोहन चौधरी को मनोनीत किया गया। संयुक्त सचिव के रूप में लोकेश कुमार वर्मा एवं लक्ष्मी नारायण सिंह को दायित्व सौंपा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव रजनीश कुमार पल्लव ने कहा कि महासंघ शिक्षा एवं शिक्षकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है तथा समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सकारात्मक पहल कर रहा है। प्रदेश महामंत्री ज्ञानेंद्र नाथ सिंह ने शिक्षकों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि वे केवल ज्ञान के वाहक ही नहीं, बल्कि संस्कार, नैतिकता एवं राष्ट्रीय चेतना के सशक्त संवाहक भी हैं। संगठन मंत्री संजय कुमार ने बिहार में संगठन के तीव्र विस्तार को शिक्षकों के विश्वास एवं सक्रिय सहभागिता का परिणाम बताते हुए सदस्यता विस्तार एवं संगठनात्मक एकजुटता पर विशेष बल दिया।


इसी क्रम में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य बी.पी. शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एक सशक्त राष्ट्रवादी शैक्षिक संगठन है, जो कन्याकुमारी से लेकर जम्मू-कश्मीर तक शिक्षकों को एक सूत्र में जोड़ते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय चेतना के संवर्धन हेतु निरंतर सक्रिय है। उन्होंने शिक्षकों की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने सदस्यता विस्तार को गति देने तथा शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हेतु ठोस पहल करने का संकल्प लिया। अंततः संगठन की मजबूती एवं शिक्षा के समग्र विकास के दृढ़ संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य हरे कृष्णा साह, संतोष कुमार दास,चंदन कुमार , सुबोध कुमार,मनोज कुमार सिंह, वशिष्ठ कुमार सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।


*तिलक से लौट रही सवारी बनी हादसे का शिकार, 3 की मौत, 5 घायल – Doorbeen News*





