व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News : शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा बड़े ही उत्साह और जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड के पूर्वी, पश्चिमी एवं उत्तरी तीनों मंडलों के विभिन्न बूथों पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिली। सभी स्थानों पर टीवी, रेडियो और मोबाइल के माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुनने और देखने की व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, पूर्वी मंडल अध्यक्ष ललित कुमार झा एवं उत्तरी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमार के साथ साथ आईटी सेल सह मीडिया संयोजक एवं मन की बात कार्यक्रम के मंडल प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में अलग अलग बूथों पर कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। वहीं, बूथ संख्या 49 करियन पंचायत के सरस्वती मंदिर परिसर में रोसड़ा विधायक बिरेन्द्र कुमार की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने का प्रयास किया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों से सीधे संवाद करते हुए कई महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से जनगणना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी जनगणना होगी, जो पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज कर सकेंगे। प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस जनगणना को सफल बनाया जाए, जो वर्ष 2027 तक पूरी होगी।
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से की और कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को विकास का आधार माना है। उन्होंने बताया कि भारतीय वैज्ञानिकों के प्रयासों से देश का स्पेस प्रोग्राम लगातार उन्नति कर रहा है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसके साथ ही उन्होंने देश के डेयरी उद्योग की भी सराहना की और कहा कि भारत में विभिन्न प्रकार के चीज (पनीर) बनाए जाते हैं, जो केवल गाय और भैंस के दूध से ही नहीं बल्कि याक, ऊंट जैसे अन्य पशुओं के दूध से भी तैयार होते हैं।


इन उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी काफी मांग है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर को भी याद किया और कहा कि देश उनके जन्मदिवस को मनाने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने टैगोर को एक महान विचारक, साहित्यकार और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी व्यक्तित्व बताया। इसके अलावा उन्होंने मई माह में हुए 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने देश में मनाए जा रहे विभिन्न नववर्ष और त्योहारों का भी उल्लेख किया तथा बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि उनकी गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं, ऐसे में वे इस समय का सदुपयोग करें और कुछ नया सीखने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी मंडल महामंत्री शंभू झा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष माधव झा, श्रवण झा, मुखिया संजीव पासवान, गुंजन सिंह, पिंकू यादव, महेंद्र नारायण चौधरी, मणि शंकर सिन्हा, कैलाश पंडित, रमन कुमार, अमित कुमार, रमाकांत सिंह, गोपाल किशन, नंदकुमार सिंह, संजय झा, सुमित कुमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण अलग-अलग बूथों पर उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से सुना।
कुल मिलाकर शिवाजीनगर प्रखंड में मन की बात कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सफल रहा।


*19037 बांद्रा टर्मिनस–अवध एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया – Doorbeen News*
19037 बांद्रा टर्मिनस–अवध एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया





