व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के शिवरामा गांव के भगवती स्थान परिसर में शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच श्री श्री 108 जय बजरंगवली जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में जय श्री राम एवं बजरंगबली के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार की सुबह 201 कलश यात्रा के साथ हुई। इस कलश यात्रा में कुमारी कन्याओं, महिलाओं एवं युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सभी व्रती लाल और पीले रंग के पारंपरिक वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर गाजा बाजा के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था। कलश यात्रा शिवरमा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर निकली और अंततः मंदिर परिसर पहुंची।

वैदिक रीति रिवाजों के अनुसार पंडित संतोष झा एवं गजेंद्र झा सहित अन्य विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ कलश में जल भरवाया गया। इसके बाद विधिवत रूप से यज्ञ मंडप में कलश की स्थापना की गई और पूजा अर्चना संपन्न कराई गई। पूरे अनुष्ठान के दौरान वातावरण वेद मंत्रों और शंखध्वनि से गुंजायमान रहा, जिससे श्रद्धालुओं में आस्था का विशेष संचार हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर से भव्य झांकी भी निकाली गई, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। झांकी में भगवान राम, माता सीता, भगवान हनुमान, लक्ष्मण एवं विश्वामित्र सहित अन्य देवी देवताओं की सुंदर झलकियां प्रस्तुत की गईं।

इन झांकियों को सजे धजे रथों पर विराजमान कर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए दुबेपुर, शिवाजीनगर, गौड़ा और बहादुरपुर सहित कई गांवों का भ्रमण कराया गया। जहां जहां से यह झांकी गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया और भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाए। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में कमलेश मंडल ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी पूरे अनुष्ठान में उपस्थित रहे। इसके अलावा पुजारी रामकरण साहू, रामनारायण मुंशी, तरकांत शर्मा, कमलेश अमर कुमार सहित अन्य लोगों ने भी धार्मिक कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में गांव के कई प्रमुख लोगों की अहम भूमिका रही। मौके पर संजीत मंडल, रामावतार मुखिया, अरुण मुखिया, वीरेंद्र मंडल, मुन्नालाल नारायण जी, राजेंद्र प्रसाद निराला, सुभाष कुमार, विनोद मंडल, रंजीत मंडल, मुन्ना लाल, बैजनाथ मंडल, पंचेश्वर मंडल, भंडारी दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत विधिवत हवन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर अपने जीवन में सुख शांति और समृद्धि की कामना की।

हवन के दौरान पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार महसूस किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस भव्य धार्मिक आयोजन ने शिवरमा गांव को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया और श्रद्धालुओं के लिए यह दिन यादगार बन गया।

*NEET परीक्षा को लेकर की समीक्षा, अधिकारी को दिया निर्देश – Doorbeen News*





