बरियाही पुल के समीप करेह नदी में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर चर्चा तेज

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur : शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उस समय सनसनी फैल गई जबय बरियाही पुल के समीप करेह नदी में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भारी भीड़ नदी किनारे जुट गई और क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को स्थानीय लोगों ने करेह नदी के पानी में एक शव को तैरते हुए देखा। धीरे धीरे यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। युवक ने जींस पैंट और शर्ट पहन रखी थी, लेकिन लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर फूल जाने से उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।

घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार और सुलेखा कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि युवक की मौत कैसे हुई है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही शव की पहचान के लिए आसपास के थानों जैसे हथौड़ी, सिंघिया एवं रोसड़ा थाना को सूचना दे दी गई है, ताकि लापता लोगों से मिलान कर पहचान सुनिश्चित की जा सके।

सामान्यतः ऐसे शवों को सदर अस्पताल के शवगृह में रखा जाता है, जहां निर्धारित समय तक पहचान का इंतजार किया जाता है। यदि इस दौरान पहचान नहीं हो पाती है, तो विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाती है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। चौक-चौराहों से लेकर गांवों तक इस अज्ञात शव को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक अज्ञात शव की पहचान नहीं हो सकी है। इधर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने कहा कि अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहचान के लिए विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

*स्व जनगणना को लेकर जीविका ने किया लोगों को जागरूक – Doorbeen News*

स्व जनगणना को लेकर जीविका ने किया लोगों को जागरूक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *