व्हाट्सएप से जुडने को क्लीक करें
सिंघिया थाना क्षेत्र में शनिवार को रोसड़ा सिंघिया एसएच-88 सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद होने के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। घटना सालेपुर और बलहा गांव के बीच की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे झाड़ी में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सालेपुर गांव निवासी रामचंद्र मुखिया के 25 वर्षीय पुत्र वकील मुखिया के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार वकील मुखिया हाल ही में गुवाहाटी से अपने घर लौटा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे तक उसे गांव में देखा गया था, इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया। परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे, इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान वकील मुखिया के रूप में की।


यह खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया है। इसी आरोप को लेकर लोगों ने रोसड़ा सिंघिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सिंघिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था। पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने और जाम हटवाने की कोशिशें जारी हैं।




*बड़े तालाबों को भी चिन्हित कर शीघ्र डीपीआर तैयार कर विभाग को प्रस्ताव भेजने का निदेश – Doorbeen News*
बड़े तालाबों को भी चिन्हित कर शीघ्र डीपीआर तैयार कर विभाग को प्रस्ताव भेजने का निदेश





