व्हाट्सएप से जुड़ने को यहाँ क्लीक करें
समस्तीपुर: जनगणना 2027 के तहत समस्तीपुर में शुक्रवार को ‘स्व-जनगणना’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
शुभारंभ के मौके पर जिलाधिकारी ने खुद लैपटॉप के माध्यम से स्व-जनगणना प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपना विवरण दर्ज किया। उन्होंने जनगणना एप में पूछे गए सभी 33 प्रश्नों का उत्तर भरकर लॉगिन सबमिट किया और लोगों को डिजिटल प्रक्रिया अपनाने का संदेश दिया।


17 अप्रैल से 1 मई तक स्व जनगणना
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 अप्रैल से 1 मई तक सभी नागरिकों को मोबाइल एप के माध्यम से स्व-जनगणना करनी है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में हो रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनेगी।
डाटा रहेगा पूरी तरह सुरक्षित
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस डिजिटल जनगणना में नागरिकों की निजता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सभी भरे गए डाटा को गोपनीय रखा जाएगा और किसी भी प्रकार का दुरुपयोग नहीं होगा।


अधिकारियों के साथ बैठक कर शुरुआत
इस अवसर पर समाहरणालय में सभी वरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर अभियान की रणनीति और कार्यान्वयन पर चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम में एडीएम (राजस्व) ब्रजेश कुमार, एडीएम (आपदा) राजेश कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, डीपीआरओ विष्णु देव मंडल, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


*पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर नमन, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अर्पित की श्रद्धांजलि – Doorbeen News*





