48 वर्षों बाद बन्दा में सजा भक्ति का महासंगम, रुद्र महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मेला बना आकर्षण का केंद्र

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दसौत पंचायत के मानस मंदिर बन्दा परिसर में आयोजित श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत केंद्र बना हुआ है। करीब 48 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस भव्य महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यज्ञ स्थल पर दूर-दूर से श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।

महायज्ञ के अवसर पर यज्ञ स्थल को भव्य तरीके से सजाया गया है। यज्ञ मंडप में भगवान शंकर, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय, हनुमान जी, सीता-राम, लक्ष्मण एवं राधा-कृष्ण सहित कुल 25 देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित कर सजाई गई हैं। इन प्रतिमाओं की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यज्ञ मंडप की सजावट और परिसर की भव्यता देखते ही बन रही है, जिससे हर आने वाला श्रद्धालु भावविभोर हो रहा है।

श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेला भी लगाया गया है, जिसमें टावर झूला, ड्रैगन ट्रेन सहित विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। बच्चे और युवा इन झूलों का भरपूर आनंद उठा रहे हैं, जिससे धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मेला का भी आनंद मिल रहा है।
महायज्ञ में वृंदावन से पधारे कथावाचक प्रद्युम्नाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से कथा श्रवण करने के लिए भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

कथा स्थल पर श्रद्धालु सीताराम-सीताराम का जाप करते हुए भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी उल्लेखनीय है, जो सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए यज्ञ स्थल पर पहुंच रही हैं। 9 अप्रैल से शुरू होकर 17 अप्रैल तक चलने वाले इस नौ दिवसीय महायज्ञ के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह से ही प्रखंड के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है।

 

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही शुद्ध पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। रुद्र महायज्ञ समिति के अध्यक्ष गोपाल जी राय, सचिव रजनीश कुमार राय, उप सचिव गोविंद राय, अरविंद कुमार राय, कोषाध्यक्ष केशव राय, पूर्व मुखिया उप कोषाध्यक्ष नागेंद्र कुमार राय, महेश राय, पूर्व मुखिया कृष्ण कुमार राय उर्फ लालन राय, राकेश कुमार राय उर्फ संटुन राय, टुनटुन कुमार राय, शंभू राय, त्रिदेव राय, गंगा प्रसाद राय, अश्वनी राय, सुमन राय, श्याम सुंदर राय, प्रशांत कुमार राय, अनिरुद्ध राय, उमाशंकर राय, विजय बाबा, त्रिपुरारी राय, चंदन राय, गंगाराम राय, दुर्गानंद राय सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि बन्दा गांव में लगभग 48 वर्षों के बाद इस तरह का भव्य महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है।

समिति सदस्यों ने कहा कि इस महायज्ञ का आयोजन विश्व कल्याण एवं क्षेत्र में सुख-शांति की कामना को लेकर किया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में एकता व भाईचारे की भावना मजबूत होती है। महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और यज्ञ मंडप में बनी प्रतिमाओं के दर्शन के लिए दिनभर भीड़ लगी रहती है। कुल मिलाकर बन्दा गांव इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का केंद्र बना हुआ है, जहां हर ओर सिर्फ भजन-कीर्तन और भगवान के नाम का ही गूंज सुनाई दे रहा है।

 

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत दरभंगा में पाण्डुलिपियों के संरक्षण के लिए अधिकारियों का विभिन्न संस्थानों का भ्रमण – Doorbeen News

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत दरभंगा में पाण्डुलिपियों के संरक्षण के लिए अधिकारियों का विभिन्न संस्थानों का भ्रमण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *