व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शुक्रवार को एचपीवी, एईएस एवं जेई टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीण चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी टीकाकरण अभियान को प्रभावी, व्यापक और सफल बनाना था।


बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार अमित ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी, एईएस एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम और जेई जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों का असर विशेष रूप से बच्चों पर अधिक होता है, इसलिए अभियान के दौरान किसी भी योग्य लाभार्थी को छूटने नहीं देना है।

स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने बैठक में मौजूद चिकित्सकों को टीकाकरण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका खासकर किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाने में सहायक है, जबकि एईएस और जेई जैसी बीमारियां जानलेवा हो सकती हैं। ऐसे में इनसे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण ही सबसे कारगर उपाय है। उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और टीकाकरण के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करें।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी एवं चिकित्सक आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके। साथ ही, टीकाकरण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने पर विशेष जोर दिया गया। मौके पर यूनिसेफ के बीसीएम विक्रम कुमार चौधरी, ग्रामीण चिकित्सक डॉ. शिव शंकर मंडल, डॉ. सुभाष कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


शिवाजीनगर में 6 घंटे बिजली बाधित रहेगी, करें समय से काम – Doorbeen News





