समस्तीपुर जिले में भारत की जनगणना-2027 की प्रक्रिया तेज, 6 अप्रैल से प्रगणक और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर जिले में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रशिक्षण प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। इस क्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, सभी चार्ज अधिकारियों तथा फील्ड अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना 2027 के प्रथम चरण में जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मकानों का सूचीकरण किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक मकान की पहचान, उसकी स्थिति, उपयोग तथा उसमें रहने वाले परिवारों से संबंधित प्रारंभिक जानकारी संकलित की जाएगी। यह प्रक्रिया आगे होने वाली जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करेगी।

जिला प्रशासन की ओर से जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अब अगले चरण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसके लिए सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने इस प्रशिक्षण को 6 अप्रैल से 17 अप्रैल तक पूरा करने का निर्देश जारी किया है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, प्रपत्र भरने की विधि, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण, परिवारों से जानकारी लेने के तरीके तथा सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से जनगणना कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी।

जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों को यह भी बताया गया कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम समय पर संपन्न कराएं और सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।

प्रशासन का मानना है कि समयबद्ध प्रशिक्षण और बेहतर समन्वय के माध्यम से जनगणना-2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *