व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 1 और 5, काजी डुमरा में अग्निशमन विभाग द्वारा गुरुवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को आग लगने की घटनाओं से बचाव के प्रति सजग करना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार करना था।
अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की गाड़ी के साथ पहुंचे विभागीय पदाधिकारियों और कर्मियों ने गांव गांव जाकर लोगों को आग से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। टीम ने बैनर, पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
इसलिए सतर्कता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आग से सुरक्षा के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि घरों में खुले बिजली के तार नहीं रखें, अधिक लोड वाले बिजली उपकरणों के उपयोग से बचें तथा शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए समय समय पर बिजली व्यवस्था की जांच कराते रहें।


इसके अलावा रसोई गैस के उपयोग में भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अधिकारियों ने कहा कि यदि गैस सिलेंडर से किसी प्रकार की गंध आती है तो तुरंत चूल्हा नहीं जलाएं और सिलेंडर को खुले स्थान पर रख दें। साथ ही संबंधित विभाग को तुरंत सूचना दें।
उन्होंने यह भी बताया कि मौसम परिवर्तन के समय आग लगने की घटनाओं में वृद्धि देखी जाती है, इसलिए इस दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है। ग्रामीणों को यह भी सलाह दी गई कि तेज हवा के दौरान चूल्हा न जलाएं और खाना बनाने के बाद आग को पूरी तरह बुझा दें। कई बार अधजली आग भी बड़े हादसे का कारण बन जाती है।

ऐसे में पानी डालकर पूरी तरह आग बुझाना जरूरी है। अभियान के दौरान रंजीत कुमार ओम जी एवं खुशबू कुमारी ने भी लोगों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही ग्रामीणों के बीच पंपलेट का वितरण कर आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई, ताकि लोग इसे पढ़कर जागरूक हो सकें और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत कर सकें।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सराहते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। अग्निशमन विभाग ने अंत में लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके और जान-माल की हानि को कम किया जा सके।







