शिक्षकों की समस्याओं पर लिए गए कई अहम निर्णय

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। बिहार राज्य शिक्षक संघ (बीएसटीए) गोपगुट, समस्तीपुर की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं विचारोत्तेजक बैठक मंगलवार को स्थानीय लेनिन आश्रम, मालगोदाम चौक पर जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष विरदे लाल यादव द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने अपनी दीर्घकालीन एवं ज्वलंत समस्याओं को मुखरता के साथ प्रस्तुत किया। चर्चा के केंद्र में मुख्यतः वेतन विसंगति, विरमन तिथि से वित्तीय लाभ की स्वीकृति, प्रधान शिक्षकों एवं विशिष्ट शिक्षकों के पदस्थापन से संबंधित एरियर भुगतान, नगर परिवहन भत्ता, विशेष शिक्षकों की पदोन्नति, बकाया वेतन भुगतान तथा एक ही विद्यालय में आवास भत्ता की असमानता जैसे गंभीर मुद्दे रहे।

शिक्षकों ने एक स्वर में विभागीय उदासीनता पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार आग्रह एवं पत्राचार के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना अत्यंत खेदजनक एवं निराशाजनक है। इस संदर्भ में उपस्थित सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने कहा कि संघ द्वारा निरंतर प्रयास एवं पत्राचार के बावजूद यदि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो शिक्षक समुदाय आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने विभाग से संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ समस्याओं के निराकरण की अपील की।

इस अवसर पर जिला सचिव रामबाबू सिंह, विनोद कुमार विमल, सुबोध यादव, विश्वामित्र प्रसाद, मोहम्मद अजमत, विमल कुमारी, कुमारी प्रीति, पवन कुमार शर्मा, कुमारी ज्योति, अविनाश कुमार सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *