सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत DM ने की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’’ कार्यक्रम के तहत अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में मधुबनी निवासी बीपेश कुमार सिंह के द्वारा निजी जमीन पर विपक्षियों द्वारा घर बनाने से रोकने के संबंध में आवेदन दिया।

प्रखंड बासोपट्टी पंचायत छतौनी के शंभू नाथ ने धान अधिप्राप्ति से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया।

परिवादी शुभ चंद्र झा ग्राम पोस्ट रांटी पंचवटी चौक के द्वारा पैत्रिक घडारी जमीन पर उनके अनुपस्थिति में पड़ोसी द्वारा नाजायज रूप से कब्जा कर घर का निर्माण कर लिए जाने के संबंध में शिकायत किया।

अंचल बाबूबरही के शिव शंकर चौधरी ने भू माफिया द्वारा जबरन जमीन कब्जा कर लेने के संबंध में शिकायत किया।

विष्णु देव कुमार राम ने लघु उद्योग लगाने में समस्या होने से संबंधित आवेदन दिया।

प्रखंड बेनीपट्टी ग्राम अंधरी जिला मधुबनी के रिंकू कुमारी सफाई कर्मी के द्वारा मानदेय भुगतान नहीं देने से संबंधित शिकायत किया।

ग्राम द्वालख प्रखंड मधेपुर अनुमंडल झंझारपुर जिला मधुबनी के अनिल कामत, सुधीर कामत, सुशील कामत एवं विनोद कामत के द्वारा सन 1987 में भयंकर बाढ़ की चपेट में आने के कारण जमीन भूतिहीबलान में कट जाने के कारण वासगृह पर्चा निर्गत करवाने के संबंध में आवेदन दिया।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित होकर जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।

उल्लेखनीय है कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जन-हितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा बारी-बारी से सभी आवेदकों की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *